नवनिर्माण के 9 वर्षों में यूपी बना सुशासन, सुरक्षा और विकास का मॉडल: मंत्री योगेंद्र उपाध्याय

कानपुर। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में ‘उत्तर प्रदेश नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं प्रभारी मंत्री कानपुर नगर योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते 9 वर्षों में सुशासन, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास का नया मानक स्थापित किया है। उन्होंने इस कालखंड को “उत्कर्ष के वर्ष” बताते हुए कहा कि गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आया है।
मंत्री ने कहा कि ‘शून्य सहनशीलता नीति’ के चलते कानून व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। वर्ष 2017 की तुलना में डकैती, लूट, हत्या और अपहरण जैसे अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। माफिया और संगठित अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध संपत्तियों की जब्ती की गई, जिससे प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बना है। पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए साइबर क्राइम थानों की स्थापना, विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं का विस्तार और बड़े स्तर पर पुलिस भर्ती की गई है। महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, हेल्पलाइन सेवाएं और महिला बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाया गया है।
आर्थिक और औद्योगिक विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे बड़ा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) केंद्र बन चुका है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें कई परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, हवाई अड्डों का विस्तार, रक्षा औद्योगिक गलियारा और डिजिटल कनेक्टिविटी ने प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है।
कृषि क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि किसानों की आय में वृद्धि हुई है और गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता मिली है।
कानपुर नगर के विकास पर उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक लगभग 1503.89 करोड़ रुपये की लागत से 252 विकास परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़े पैमाने पर आवास निर्माण हुआ है, वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत लाखों शौचालय बनाए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के जरिए लाखों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। जनधन, उज्ज्वला और स्वनिधि योजनाओं से वित्तीय समावेशन को मजबूती मिली है।
अधोसंरचना विकास में कानपुर मेट्रो, रिंग रोड, तापीय विद्युत परियोजनाएं और स्मार्ट सिटी के अंतर्गत विकसित सुविधाएं शहर को आधुनिक स्वरूप दे रही हैं। पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और शहरी सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष कार्य किया गया है।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार पर उन्होंने कहा कि नए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की स्थापना के साथ गुणवत्ता में सुधार हुआ है। ई-लर्निंग, स्मार्ट क्लास, ई-लाइब्रेरी और टैबलेट वितरण जैसी योजनाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा मिल रही है।
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि “नवनिर्माण के 9 वर्ष” उत्तर प्रदेश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर करने वाले निर्णायक वर्ष हैं। भविष्य में प्रदेश सुशासन, निवेश और समावेशी विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा।
इससे पूर्व मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद