केडीए का सख्त एक्शन: सिंहपुर में अवैध निर्माण सील, न्यू कानपुर सिटी के लिए साढ़े चार करोड़ की जमीन खरीदी

कानपुर। शहर के सुनियोजित विकास को गति देने और अवैध निर्माणों पर लगाम कसने के उद्देश्य से कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शुक्रवार को दोहरी बड़ी कार्यवाही की। एक ओर जहां सिंहपुर क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग और निर्माण को सील किया गया, वहीं दूसरी ओर ‘न्यू कानपुर सिटी’ योजना के तहत लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये में 18 काश्तकारों से भूमि का क्रय किया गया।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। सिंहपुर बाजार रोड, ग्राम सचिवालय गंभीरपुर कछार के सामने लगभग 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, जिसे मौके पर पहुंचकर सील कर दिया गया। इसके साथ ही आराजी संख्या-812 में न्यू कानपुर सिटी क्षेत्र के अंतर्गत मानकों के विपरीत लगभग 100 वर्ग मीटर में हो रहे अवैध निर्माण को भी सील किया गया।
दोनों परिसरों को थाना बिठूर की पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल समेत केडीए का प्रवर्तन दल और पुलिस बल मौजूद रहा।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि पूर्व में सील की गई आराजी संख्या-370 (सिंहपुर कछार) में सील तोड़कर चोरी-छिपे निर्माण कार्य किए जाने का मामला भी सामने आया है, जिसके खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।
दूसरी ओर, ‘न्यू कानपुर सिटी’ योजना को गति देते हुए केडीए ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। शुक्रवार को 18 काश्तकारों से लगभग 0.6491 हेक्टेयर भूमि का बैनामा प्राधिकरण के पक्ष में कराया गया। इस दौरान काश्तकारों को सर्किल दर का चार गुना मुआवजा देते हुए कुल 4,46,54,791 रुपये के डिमांड ड्राफ्ट वितरित किए गए।
भूमि बिक्री करने वाले किसानों में अनुज कुमार, अतुल कुमार, अजय कुमार, सुभाष चंद्र, राकेश, राजेंद्र शुक्ला सहित अन्य काश्तकार शामिल रहे। किसानों ने प्राधिकरण की पारदर्शी और सरल प्रक्रिया की सराहना करते हुए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भूमि बैंक अनुभाग का स्टाफ और अधिवक्ता धीरज सैनी भी उपस्थित रहे। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि न्यू कानपुर सिटी योजना के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा, ताकि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द धरातल पर लाया जा सके।
प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम जनता और विकासकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग करने से पहले केडीए से मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ इसी तरह की सघन और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद