ईद आते ही बाजारों में उमड़ी भीड़

कानपुर। ईद का त्योहार नजदीक आते ही शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। खरीदारी के लिए महिलाओं और परिवारों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। हालात यह हैं कि बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है और देर रात तक चहल-पहल बनी हुई है।
शहर के बेकनगंज, चमनगंज, दलेलपुरवा, टुकनियापुरवा, हीरामनपुरवा, दादामियां चौराहा, पेचबाग, चमड़ामंडी, नई सड़क, नाला रोड, मोहम्मद अली पार्क, हलीम कॉलेज चौराहा, अजमेरी चौराहा, तलाक महल, कर्नलगंज और कागजी मोहल्ला समेत कई इलाकों में बाजार पूरी तरह से फैल गए हैं। यहां कपड़े, जूते-चप्पल, इत्र, सजावटी सामान और खानपान की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
इन बाजारों में सिर्फ कानपुर ही नहीं, बल्कि कानपुर देहात, उरई, हमीरपुर, फतेहपुर, जहानाबाद, बिंदकी, लालगंज, रायबरेली और उन्नाव समेत आसपास के कई जिलों से भी लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। खासतौर पर महिलाओं में ईद की खरीदारी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
खरीदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाजारों में विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। महिलाओं के लिए एसी शौचालय, बच्चों के लिए फीडिंग कक्ष, नमाज के लिए अलग स्थान और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों को खरीदारी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रोजा इफ्तार के बाद बाजारों में भीड़ और भी बढ़ जाती है। शाम ढलते ही दुकानों पर रौनक चरम पर पहुंच जाती है और देर रात तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहता है।
ईद की नमाज को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। यदि गुरुवार को चांद नजर आ जाता है तो शुक्रवार को, अन्यथा शनिवार को ईद मनाई जाएगी। बकरमंडी स्थित बड़ी ईदगाह सहित शहर की विभिन्न ईदगाहों और लगभग 200 मस्जिदों में दो-दो बार नमाज अदा किए जाने की तैयारी है।
प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार इस बार सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं है। ऐसे में सभी नमाज ईदगाहों और मस्जिदों के भीतर ही संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए भी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ईद की तैयारियों के बीच शहर का माहौल पूरी तरह से उत्साह, उल्लास और भाईचारे के रंग में रंगा नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद