कानपुर। घरेलू गैस आपूर्ति में लापरवाही और जांच में सहयोग न करने के गंभीर आरोपों के चलते खलासी लाइन स्थित पुष्पा गैस एजेंसी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर एजेंसी के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति संबंधित कंपनी को भेज दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिला पूर्ति कार्यालय के कंट्रोल रूम पर उपभोक्ताओं द्वारा बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं, जिनमें ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद समय से गैस सिलेंडर की डिलीवरी न होने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (कर्नलगंज व नवाबगंज) और पूर्ति निरीक्षकों की संयुक्त टीम गठित कर एजेंसी के शोरूम और कार्यालय पर औचक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मौके पर भारी संख्या में उपभोक्ता मौजूद मिले, जो गैस न मिलने से आक्रोशित थे। जांच के समय एजेंसी का प्रोपराइटर और मैनेजर दोनों ही अनुपस्थित पाए गए। वहां मौजूद कर्मचारी जावर अली और सलोनी (पुत्री मनोज पुरी) ने स्वयं को एजेंसी का स्टाफ बताया, लेकिन गैस स्टॉक, आवंटन और वितरण से जुड़े जरूरी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।
टीम ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं के बयान भी दर्ज किए, जिनमें समय से गैस आपूर्ति न होने की पुष्टि हुई। इसके बाद जांच टीम मेनावती मार्ग स्थित एजेंसी के गैस गोदाम पहुंची, जहां गोदाम बंद मिला। इस पर अधिकारियों ने गहरी नाराजगी जताई और इसे गंभीर अनियमितता माना।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच और उपभोक्ताओं के लिखित बयानों से यह साफ हो गया है कि एजेंसी द्वारा न केवल समय से गैस आपूर्ति नहीं की जा रही थी, बल्कि जांच प्रक्रिया में भी सहयोग नहीं किया गया। इन परिस्थितियों को देखते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक को एजेंसी के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति भेज दी गई है।
प्रशासन ने यह भी कहा कि जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी एजेंसी द्वारा लापरवाही बरतने पर इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस बीच, जिला पूर्ति कार्यालय के कंट्रोल रूम पर 18 मार्च 2026 को कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है। कॉल सेंटर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों में अधिकांश समस्याएं गैस बुकिंग और डिलीवरी से जुड़ी पाई गईं, जिनका समाधान संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में प्राप्त शिकायतों में से भी 38 मामलों का सफल निस्तारण किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली है। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें। प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों को समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं और पूरी व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुष्पा गैस एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी