कानपुर। औद्योगिक शहर कानपुर में गुरुवार को आयकर विभाग की टीम ने इत्र और कंपाउंड के बड़े कारोबारी समूह S Kumar Perfumers के ठिकानों पर छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। एक्सप्रेस रोड स्थित समूह के मुख्य कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर पहुंची टीम ने दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीमों ने एक्सप्रेस रोड स्थित कार्यालय और कारोबारी के आवास समेत कई प्रमुख ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। विभाग को लंबे समय से कर चोरी और आय से अधिक संपत्ति से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह छापेमारी की गई।
टीम के पहुंचते ही परिसर के सभी गेट बंद कर दिए गए और कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए। कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्यालय और घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी बाहरी व्यक्ति के अंदर आने या बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक आयकर अधिकारी फर्म के पिछले कई वर्षों के टर्नओवर, बैंक लेनदेन और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। इसके अलावा कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लिए गए हैं, ताकि डिजिटल लेनदेन की भी जांच की जा सके।
कानपुर में इत्र और कंपाउंड के कारोबार में S Kumar Perfumers एक बड़ा नाम माना जाता है। ऐसे में इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य व्यापारियों और इत्र कारोबारियों में भी हलचल देखी जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी और अघोषित संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी तक आयकर विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इत्र कारोबारी के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी