कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र में शराब पीने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सचेंडी थाना क्षेत्र के चरगांव निवासी 21 वर्षीय राजेश ने घर के पास स्थित एक बाग में अमरूद के पेड़ से चादर के सहारे फांसी लगा ली। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
मृतक के बड़े भाई नरेश ने बताया कि परिवार में पिता कल्लू, मां शकुंतला सहित चार भाई हैं। भाइयों में जगदीश, सुरेश और सबसे छोटा राजेश था, जबकि दो बहनों राखी और खुशी की शादी हो चुकी है। राजेश एक फैक्ट्री में काम करता था और घर के कामकाज में भी हाथ बंटाता था।
परिजनों के मुताबिक राजेश को शराब पीने की लत थी और वह अक्सर शराब पीकर घर आता था। इस बात को लेकर परिवार में कई बार विवाद भी हो चुका था। घटना वाले दिन भी शराब पीने को लेकर बड़े भाई ने उसे डांट दिया था, जिससे वह काफी आहत हो गया।
बताया जा रहा है कि डांट के बाद वह घर से निकल गया और कुछ देर बाद घर के पास ही बाग में जाकर अमरूद के पेड़ से चादर के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बाग में उसका शव फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलने पर सचेंडी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक शराब का आदी था और भाई की डांट से आहत होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाई की डांट से आहत युवक ने फांसी लगाई