कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में एक रेलवे टेक्नीशियन युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती का शव उसके कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कमरे से एक डायरी भी बरामद हुई है, जिसमें युवती ने सुसाइड नोट लिखकर अपने माता-पिता से माफी मांगी है।
मृतका की पहचान 28 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थीं। नेहा वर्ष 2020 से कानपुर के फजलगंज स्थित रेलवे वर्कशॉप में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थीं। वह गोविंद नगर इलाके में अपनी साथी सोनल के साथ किराए के कमरे में रहती थीं। सोनल भी रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर तैनात हैं।
जानकारी के अनुसार नेहा 23 फरवरी को होली की छुट्टियां मनाने के लिए अपने घर मुजफ्फरपुर गई थीं और गुरुवार सुबह ही वापस कानपुर लौटी थीं। दिन में वह अपने कमरे पर ही थीं। शाम करीब चार बजे जब उनकी रूम पार्टनर सोनल ड्यूटी से वापस लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने कई बार आवाज दी और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर सोनल को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत पुलिस और नेहा के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुई। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। नेहा का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कमरे की तलाशी के दौरान एक डायरी बरामद हुई है, जिसे सुसाइड नोट माना जा रहा है। डायरी में नेहा ने भावुक शब्दों में अपने माता-पिता से माफी मांगी है। हालांकि उसमें आत्महत्या के पीछे की स्पष्ट वजह का उल्लेख नहीं किया गया है।
पुलिस के अनुसार युवती के मोबाइल फोन को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के कानपुर पहुंचने के बाद उनसे भी पूछताछ की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे टेक्नीशियन युवती ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे से मिला सुसाइड नोट