कानपुर। महापौर प्रमिला पांडे ने होली एवं गंगा मेला की तैयारियों को लेकर जलकल विभाग के जलकल मुख्यालय, बेनाझाबर में समीक्षा बैठक की। बैठक से पूर्व महापौर ने जलकल मुख्यालय के 5वें तल पर नव-निर्मित सभागार/मीटिंग हॉल का फीता काटकर उद्घाटन किया।
बैठक में विभिन्न जोनों में जलापूर्ति एवं सीवर व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी दी गई। सहायक अभियंता, जोन-2 रामेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि जोन-2 में 1 जेडपीएस एवं 62 नलकूप कार्यरत हैं तथा लीकेज की शिकायतों वाले 120 मैनहोल की मरम्मत करा दी गई है। अधिशासी अभियंता, जोन-3 गंगा सागर ने अवगत कराया कि जोन-3 में 12 जेडपीएस और 38 नलकूप चालू हैं तथा सीवर व जलापूर्ति लाइन से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण कर दिया गया है।
अधिशासी अभियंता, जोन-4 अनिल कुमार ने बताया कि जोन-4 में 13 जेडपीएस और 8 नलकूप सक्रिय हैं और होली के दौरान जलापूर्ति व सीवर संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु 24 घंटे टीमें तैनात रहेंगी। अधिशासी अभियंता, जोन-5 ईश्वर सिंह ने बताया कि जोन-5 में 10 जेडपीएस और 42 नलकूप चालू हैं तथा 8–10 स्थानों पर नई लाइनें डाली गई हैं। वहीं जोन-6 के अधिशासी अभियंता मो. शमीम ने बताया कि जोन-6 में 14 जेडपीएस एवं 10 नलकूप पूरी तरह कार्यरत हैं।
महाप्रबंधक जलकल आनंद कुमार त्रिपाठी ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अकेंद्रीय कर्मचारियों को 26 फरवरी 2026 को वेतन का भुगतान कर दिया गया है। केंद्रीकृत कर्मचारियों का वेतन मानव सम्पदा पोर्टल में विवरण पूर्ण न होने के कारण रुका है। सभी जोनों में होली के दौरान 24 घंटे टीमों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर ने जलकल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कानपुर में होली का उत्सव पूरे सप्ताह चलता है और सभी धर्मों के लोग इसमें सहभागी बनते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में पूर्ण प्रेशर से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, होली स्थलों के आसपास मैनहोल के ढक्कन खुले न रहें, विशेषकर दलित व मलिन बस्तियों के पास। जहां जलापूर्ति की सुविधा नहीं है, वहां टैंकर की व्यवस्था की जाए और टैंकर खाली होते ही उसे पुनः भरवाया जाए।
महापौर ने टैंकर स्थलों पर महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम एवं स्नान की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। गंगा मेला मार्ग—हटिया, नयागंज, बिरहाना रोड, फूलबाग होते हुए सरसैया घाट—पर किसी भी स्थान पर सीवर या मैनहोल खुला न रहे, इसकी विशेष निगरानी और मरम्मत के फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही एफएम कॉलोनी (सिविल लाइंस), न्यू एलआईजी बर्रा-7 और जरौली फेज-2 में सीवर भराव संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए महाप्रबंधक जलकल को निर्देशित किया गया। बैठक में अधिशासी अभियंता, जोन-2 नंद किशोर सहित अन्य सहायक एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।
होली व गंगा मेला की तैयारियों पर महापौर ने ली समीक्षा बैठक