कानपुर। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर दर्ज मुकदमे को झूठा, आधारहीन और द्वेषपूर्ण बताते हुए कानपुर महानगर कांग्रेस ने आज जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान “शंकराचार्य पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारे गूंजते रहे।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा गया है, जिसमें शंकराचार्य के खिलाफ दर्ज मुकदमों को फर्जी और राजनीति से प्रेरित बताया गया है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। पवन गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर उन संत-महात्माओं को प्रताड़ित कर रही है, जो सरकार की विचारधारा से सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह विवाद उस समय और गहरा गया जब प्रयागराज के माघ मेले में शंकराचार्य को स्नान से रोके जाने का मामला सामने आया और इसके बाद उनके खिलाफ हालिया पॉक्सो (POCSO) से जुड़ा प्रकरण दर्ज किया गया।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम संविधान में निहित मौलिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। साथ ही यह देश के करोड़ों श्रद्धालुओं और संत समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कदम है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे मामलों में निष्पक्षता नहीं बरती गई तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ और स्थानीय नेता मौजूद रहे। इनमें पवन गुप्ता के साथ हरीश बाजपई, सैमुअल लकी सिंह, अजय श्रीवास्तव शीलू, पदम मोहन मिश्रा, राम शंकर राय, रमाकांत मिश्रा, राकेश साहू, मुकेश दुबे, रवि तिवारी, राज किशोर वर्मा, मालिक अहमददुल्ला, मनोज दुबे, नीरज पांडे, आसिफ इकबाल, मो. इम्तियाज, इकबाल अहमद, विजय शाह, गोविंद गुप्ता, मनोज अवस्थी, राज लक्ष्मी, राजेश सविता, विनोद अवस्थी, देव राय, शाकिर अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।
कांग्रेस का प्रदर्शन, शंकराचार्य के समर्थन में ज्ञापन