एलिवेटेड ट्रैक को मंजूरी, सांसद का अभिनंदन

कानपुर।
कानपुर महानगर के यातायात ढांचे को नई दिशा देने वाली रामादेवी चौराहा से गोल चौराहा तक प्रस्तावित एलिवेटेड ट्रैक परियोजना को भारत सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा 988.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद शहरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। माना जा रहा है कि परियोजना के पूरा होने से कानपुर को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिला इकाई की ओर से सांसद रमेश अवस्थी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर लगभग 2 बजे जैसे ही सांसद नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा, माल्यार्पण एवं तिलक कर उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच सांसद कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय परिसर में पहुंचे।

कार्यक्रम स्थल पर दोपहर 1 बजे से ही जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बारी-बारी से सांसद को फूल मालाएं पहनाकर इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

भव्य स्वागत से अभिभूत सांसद रमेश अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि यह परियोजना कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें संसद तक पहुंचाया, उसी भरोसे को विकास कार्यों के माध्यम से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। यह सम्मान वास्तव में प्रत्येक कार्यकर्ता का है।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई तथा विधायक नीलिमा कटियार ने भी सांसद को बधाई देते हुए कहा कि एलिवेटेड ट्रैक परियोजना कानपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और शहर के यातायात को नई गति देगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि यह स्वीकृति केंद्र सरकार की विकासपरक सोच और जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में कानपुर को लगातार बड़ी परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जिला महामंत्री अवधेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने परियोजना को कानपुर के भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसके शीघ्र क्रियान्वयन की उम्मीद जताई।

परियोजना के पूर्ण होने के बाद शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव कम होगा और कानपुर को जाम से मुक्ति दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद