केडीए की बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

कानपुर। शहर में अवैध निर्माण और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए कॉलोनियां विकसित करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने बिठूर क्षेत्र में बुधवार को लगभग 21 बीघा क्षेत्र में फैली तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है।
विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में तीन अलग-अलग स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई। ग्राम प्रतापपुरी हरी में प्रकाश, श्री नारायण एवं अन्य द्वारा लगभग 9 बीघा भूमि में की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया। इसी तरह ग्राम भगवानपुरवा में श्री राम, श्री बाबू एवं अन्य द्वारा लगभग 8 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं ग्राम कटरी ख्यौरा में राग गुप्ता एवं अन्य द्वारा लगभग 4 बीघा में किए गए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया।
केडीए की टीम ने तीन जेसीबी मशीनों की मदद से इन साइटों पर बनाए गए एंट्री गेट, पक्की सड़कें, नालियां, बाउंड्रीवॉल, बिजली के खंभे और निर्माणाधीन भवनों को पूरी तरह तोड़ दिया। अधिकारियों के अनुसार, इन सभी स्थानों पर बिना किसी स्वीकृत ले-आउट और मानचित्र के अवैध रूप से प्लाटिंग की जा रही थी, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
केडीए अधिकारियों ने बताया कि ग्राम सिंहपुर एवं गंगपुर चकबदा क्षेत्र में भी लगभग 8 बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया जा चुका है। वहां की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है और शीघ्र ही उस क्षेत्र में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में कोई भी भू-खरीद करने से पहले यह अवश्य जांच लें कि संबंधित कॉलोनी का ले-आउट केडीए से स्वीकृत है या नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन निर्माण करने पर भविष्य में भारी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ सकती है।
इस व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर अनिल शर्मा, राम औतार, मनोज, राज कुमार, लाल सिंह सहित थाना बिठूर का पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न उत्पन्न हो। केडीए की इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अवैध कॉलोनियों और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद