14 फरवरी को ‘रन फॉर राम’, विश्वविद्यालय परिसर में दौड़ेगा युवा जोश

कानपुर। शहर के युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती (कानपुर महानगर) द्वारा 14 फरवरी, शनिवार को “रन फॉर राम” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। “एक कदम प्रभु श्री राम के नाम” के संकल्प के साथ यह दौड़ छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन की जानकारी देते हुए क्रीड़ा भारती की प्रांत मंत्री नीतू कटियार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उनके भीतर राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं सांस्कृतिक मूल्यों की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि इस दौड़ में शहर के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ खेल प्रेमी और आम नागरिक भी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।

दौड़ को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए क्रीड़ा भारती की ओर से विजेताओं के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को ₹5,000, द्वितीय को ₹3,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹2,000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने वाले विद्यालयों और संस्थानों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
क्रीड़ा भारती महानगर के मंत्री श्याम मिश्रा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरव से जुड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा भारती का उद्देश्य है कि कानपुर का हर युवा इस स्वास्थ्य और राष्ट्रप्रेम के अभियान का हिस्सा बने और समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, रूट प्रबंधन और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में वालंटियर्स की तैनाती की गई है। आयोजकों को उम्मीद है कि “रन फॉर राम” न केवल एक खेल आयोजन होगा, बल्कि युवाओं के बीच ऊर्जा, एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश भी देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद