ग्रामीण रोजगार और स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में 10 दिवसीय खादी प्रदर्शनी शुरू

कानपुर।
ग्रामीण रोजगार, स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार और स्वावलंबन को मजबूती देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर नगर द्वारा मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, लॉन नंबर–2, कानपुर नगर में किया गया। यह 10 दिवसीय प्रदर्शनी 18 फरवरी 2026 तक आमजन के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें खादी, ग्रामोद्योग और माटीकला से जुड़े उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला प्रदर्शित की गई है।
प्रदर्शनी में खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला उद्योग केंद्र एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के विक्रय एवं प्रदर्शन हेतु कुल 105 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर खादी वस्त्रों के साथ-साथ ग्रामोद्योग, हस्तशिल्प, माटीकला, हथकरघा, रेशम, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और पारंपरिक कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पाद उपलब्ध हैं। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों के व्यापक प्रचार-प्रसार और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्थापित इकाइयों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल स्तर पर प्रतिवर्ष इस प्रकार की प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन, खादी एवं ग्रामोद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, रेशम विभाग), उत्तर प्रदेश सरकार, राकेश सचान द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री राकेश सचान ने कहा कि

> “खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि एक विचार है। यह आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और राष्ट्रनिर्माण का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएं युवाओं, महिलाओं और बेरोजगारों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना है कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति बेरोजगार न रहे, बल्कि युवा और महिलाएं स्वयं उद्यम स्थापित कर रोजगार देने वाले बनें, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाला पलायन रुके और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिले।मंत्री राकेश सचान ने पॉपकॉर्न मशीन, दोना–पत्तल मशीन एवं विद्युत चलित चाक प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से परिश्रम और लगन के साथ कार्य कर स्वावलंबी बनने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही युवाओं के लिए नई योजनाएं प्रारंभ की जाएंगी, जिससे बेरोजगारी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए नारे “खादी फॉर फैशन, खादी फॉर नेशन” का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के अंतर्गत पारंपरिक कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी के उत्पाद न केवल रोजगार का साधन हैं, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी हैं। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे खादी वस्त्रों के साथ-साथ ग्रामोद्योग और माटीकला के उत्पादों की अधिकाधिक खरीद करें, जिससे दूर-दराज से आए उद्यमियों और कारीगरों की आजीविका में वृद्धि हो सके।इस वर्ष आयोजित मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के अलावा कश्मीर, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों के उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाकर सहभागिता की है, जिससे प्रदर्शनी को राष्ट्रीय स्वरूप मिला है।कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। गणेश वंदना एवं नृत्य प्रस्तुति का निर्देशन प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक प्रदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर अध्यक्ष उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग महासंघ, सुरेश गुप्ता को परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक कुमार शर्मा द्वारा प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक अरुण पाठक, अध्यक्ष जिला पंचायत कानपुर स्वप्निल वरुण, सतीश महाना के प्रतिनिधि सुरेंद्र अवस्थी सहित अभय कुमार त्रिपाठी, अखिलेश कुमार अग्निहोत्री (जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, कानपुर देहात), अशोक मिश्रा, मोहम्मद नसीम अहमद, बालकृष्ण देवड़ा, संजय अग्रवाल, योगेन्द्र पाल, मनोज पाठक, राजीव द्विवेदी, वरुण जौहरी, हरेंद्र निषाद, राकेश गुप्ता, राजेश कुमार, विवेक त्रिवेदी एवं आशीष सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।प्रदर्शनी को लेकर आमजन में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह आयोजन खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को नई पहचान देने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वावलंबन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद