कानपुर। शहनाइयों की मधुर गूंज, वैदिक मंत्रोच्चार और मंगल गीतों के बीच श्री महाराजा अग्रसेन वंशज सभा के तत्वावधान में आयोजित 29वां सामूहिक विवाह समारोह रविवार को भव्य और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ। बृजेंद्र स्वरूप पार्क स्थित नवनिर्मित मंगल भवन में आयोजित इस समारोह में 11 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर सात फेरे लिए और जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया। समारोह की शुरुआत विधिवत वैदिक रीति-रिवाजों के साथ हुई। पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच दूल्हा-दुल्हन ने अग्नि को साक्षी मानकर विवाह संस्कार पूर्ण किया। शुभ गीतों और पारंपरिक संगीत के बीच जयमाला रस्म संपन्न हुई, जिसके बाद उपस्थित जनसमूह ने पुष्पवर्षा कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। पूरा परिसर उल्लास, श्रद्धा और खुशियों से सराबोर नजर आया।इस सामूहिक विवाह समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और समाजसेवी नवदंपतियों को आशीर्वाद देने पहुंचे। कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडे, एमएचपीएल निदेशक प्रणीत अग्रवाल, जागरण प्रकाशन निदेशक महेंद्र मोहन, योगेश अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, विजय पांडे एवं मनोज अग्रवाल सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने नवदंपतियों को सुखी, समृद्ध और सफल दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन वंशज सभा द्वारा किए जा रहे इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
समारोह के दौरान सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब बेटियों की विदाई का समय आया। माता-पिता की आंखें नम हो उठीं और माहौल भावनाओं से भर गया। बेटियों को आशीर्वाद देते हुए परिजनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर गया।
आयोजकों ने बताया कि सामूहिक विवाह का उद्देश्य न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग देना है, बल्कि समाज में सामूहिकता, सहयोग और समरसता की भावना को भी मजबूत करना है। इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज यदि एकजुट होकर आगे बढ़े तो हर वर्ग को सम्मानजनक जीवन मिल सकता है।पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं। भोजन, सजावट, अतिथि सत्कार और धार्मिक अनुष्ठानों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। समाज के स्वयंसेवकों ने पूरे कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई और इसे सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
अंत में महाराजा अग्रसेन वंशज सभा के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और सामूहिक आयोजनों को निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिलता रहे और समाज में एकता की भावना और मजबूत हो।