आरपीएफ की ईमानदारी: नवविवाहित जोड़े का लाखों के गहनों से भरा बैग सुरक्षित लौटाया

कानपुर।
दिनांक 07 फरवरी 2026 को आरपीएफ कानपुर सेंट्रल में तैनात एस.एन. पाटीदार अपने हमराह स्टाफ के साथ स्टेशन पर चल रही स्टाफ परीक्षा के दौरान बढ़ी भीड़ को सुव्यवस्थित करने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान हावड़ा एंड की ओर एक काले रंग का सफारी पिट्ठू बैग लावारिस अवस्था में पड़ा मिला।

आरपीएफ कर्मियों द्वारा आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग का स्वामी होने की पुष्टि नहीं की। इसके बाद सुरक्षा मानकों के अनुरूप बैग को आरपीएफ कार्यालय लाया गया और जांच करने पर उसमें लाखों रुपये मूल्य के सोने व हीरे के गहने तथा लगभग 25,000 रुपये नकद पाए गए।

बैग की गहन तलाशी के दौरान उसमें अदिति सक्सैना के आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज मिले। साथ ही एक मेडिकल स्लिप पर अंकित मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क किया गया। फोन पर अदिति सक्सैना ने बताया कि वह किदवई नगर, कानपुर की निवासी हैं और एक बैंक में पीओ (प्रोबेशनरी ऑफिसर) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन पूर्व ही उनका विवाह भोपाल निवासी तन्मय दुबे से संपन्न हुआ था और विवाहोपरांत वह राप्ती सागर एक्सप्रेस से अपने ससुराल भोपाल जा रही थीं।

उन्होंने बताया कि सामान अधिक होने के कारण उनका यह बैग प्लेटफॉर्म पर ही छूट गया था, जिसमें उनके कीमती गहने और नकदी रखी हुई थी। बैग प्राप्त करने के लिए उन्होंने अपने भाई को भेजने की जानकारी दी।

कुछ समय बाद उनके भाई अवनीश सक्सैना आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल पहुंचे। महिला से वीडियो कॉल के माध्यम से पुष्टि कराई गई और बैग में रखे सभी सामानों की पहचान कराते हुए बैग को सही-सलामत सुपुर्द कर दिया गया।

इस सराहनीय कार्य के लिए नवविवाहित जोड़े और उनके परिजनों ने आरपीएफ कानपुर सेंट्रल स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

-।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद