कानपुर।
कानपुर नगर के काकादेव थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडु नगर इलाके में सोमवार रात बीच बाजार एक बीकॉम छात्र के साथ हुई बेरहमी से मारपीट और तमंचे से फायरिंग की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएससी छात्र समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, तमंचे से फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी तलाश में पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो वीडियो ने इस घटना की भयावहता को उजागर कर दिया। पहला वीडियो करीब 39 सेकेंड का है, जिसमें आधा दर्जन से अधिक युवक एक बीकॉम छात्र को घेरकर लगातार थप्पड़ और घूंसे मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरा वीडियो लगभग 8 मिनट 29 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज है, जिसमें एक युवक खुलेआम तमंचे से फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पीड़ित बीकॉम छात्र अमन सोनकर, निवासी गीता नगर, ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्तों के साथ पांडु नगर स्थित मानस मंच पार्क के पास चाय पीने गया था। इसी दौरान पास की एक गली में शराब पी रहे कुछ युवकों ने बेवजह गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अमन और उसके दोस्तों ने इसका विरोध किया तो आरोपी उग्र हो गए और तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए उन्हें दौड़ा लिया।
अमन के अनुसार, जान बचाने के लिए वह भागकर सिल्वर स्पून रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, लेकिन पीछे से आए दबंग युवकों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब रेस्टोरेंट के कर्मचारी बाहर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से पीड़ित छात्र और उसका परिवार दहशत में है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में काकादेव पुरानी बस्ती निवासी नजमी आलम, बीएससी छात्र हर्षित तिवारी, रानीगंज निवासी इंटीरियर डिजाइनर विशाल यादव, जयप्रकाश नगर एम ब्लॉक निवासी कृष्णा पांडेय, चंदेल चौराहा निवासी डेविड सिंह उर्फ लकी, अशोक वाटिका केशवपुरम निवासी दीपक सिंह और एम ब्लॉक निवासी आरूष को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं, इंस्पेक्टर काकादेव के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में तमंचे से फायरिंग करता हुआ जो युवक नजर आ रहा है, उसकी पहचान केशवपुरम निवासी त्रिलोक के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह मौके से फरार मिला। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि गुंडागर्दी, मारपीट और अवैध हथियारों के प्रयोग को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
बीच बाजार छात्र की पिटाई और फायरिंग से दहला काकादेव, सात आरोपी गिरफ्तार, मुख्य फायरिंग आरोपी फरार