पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी का भी आरोप
कानपुर।
आईएएस में चयन और शादी का झांसा देकर एक युवती से करीब 71 लाख रुपये की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने पहले खुद को सरकारी बैंक का अधिकारी बताया, फिर एसडीएम और अंततः आईएएस में चयनित होने का दावा कर युवती का भरोसा जीता। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नीतेश पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता कल्याणपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है और एक मीडिया संस्थान में कार्यरत है। पीड़िता के पिता नगर निगम में लिपिक के पद पर तैनात हैं, जबकि मां का पहले ही निधन हो चुका है। घर की जमा पूंजी और पारिवारिक गहनों की जिम्मेदारी पीड़िता के पास ही थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता के भाई के अनुसार, आरोपी नीतेश पांडेय ने अलग-अलग बहानों से पहले 26 लाख 50 हजार रुपये नकद ले लिए। इसके बाद उसने करीब 45 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात भी हड़प लिए। इस तरह कुल ठगी की रकम लगभग 71 लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात शुक्लागंज निवासी दिवाकर मिश्रा उर्फ सत्यम के माध्यम से चकेरी निवासी नीतेश पांडेय से हुई थी। शुरुआत में नीतेश ने खुद को एक सरकारी बैंक का फील्ड अधिकारी बताया। कुछ समय बाद उसने दावा किया कि वह उप जिलाधिकारी (एसडीएम) है और फिर आगे चलकर उसने खुद को आईएएस में चयनित बताया।
आरोपी ने अपने झूठ को विश्वसनीय बनाने के लिए सरकारी विभाग की वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी ई-मेल आईडी से नकली नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण से जुड़े दस्तावेज और अन्य कागजात पीड़िता को भेजे। उसने भरोसा दिलाया कि आईएएस प्रशिक्षण पूरा होते ही वह पीड़िता से शादी करेगा। इन दावों के झांसे में आकर पीड़िता ने उस पर पूरी तरह विश्वास कर लिया।
कुछ समय बाद आरोपी ने पीड़िता से दूरी बनानी शुरू कर दी। जब पीड़िता को शक हुआ और उसने अपने पैसे और गहने वापस मांगे, तो आरोपी ने फर्जी चेक देकर टालमटोल शुरू कर दी। आरोप है कि दबाव बढ़ने पर नीतेश पांडेय ने पीड़िता को जान से मारने, उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दीं।
पीड़िता ने बताया कि 14 अक्टूबर 2025 को जब वह दिवाकर मिश्रा के घर पहुंची और पैसे वापस मांगे, तो वहां मौजूद आरोपी ने चाकू दिखाकर गाली-गलौज की और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। इस घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी नीतेश पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ठगी में इस्तेमाल किए गए फर्जी दस्तावेजों, ई-मेल आईडी और बैंकिंग लेन-देन की गहन जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इससे पहले भी किसी और के साथ इसी तरह की ठगी की है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पीड़िता को हर संभव न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
आईएएस बनने का झांसा देकर युवती से 71 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार