कानपुर।
कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 के अंतर्गत निर्माणाधीन एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी–बर्रा-8 एलिवेटेड सेक्शन का कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। लगभग 4.50 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड सेक्शन में कुल पांच मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनके स्टेशन बॉक्स के निर्माण के लिए डबल टी-गर्डर्स के परिनिर्माण (इरेक्शन) का कार्य विभिन्न स्टेशनों पर तेजी से किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज निर्माणाधीन बर्रा-7 मेट्रो स्टेशन पर सभी डबल टी-गर्डर्स का इरेक्शन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इसके साथ ही शहरवासियों को पहली बार बर्रा-7 स्टेशन की स्पष्ट रूपरेखा आकार लेती हुई दिखाई देने लगी है।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी–बर्रा-8 एलिवेटेड सेक्शन का सिविल निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि परियोजना को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित किए जा रहे हैं और उन्हें तय समय में हासिल किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश मेट्रो के इंजीनियरों की टीम कानपुरवासियों को निर्धारित समय में मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और लगन के साथ कार्य कर रही है।
कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2: निर्माणाधीन बर्रा-7 स्टेशन पर सभी डबल टी-गर्डर्स का इरेक्शन पूरा