आईएमए डॉक्टरों संग मनाया नववर्ष, लोहड़ी की धूम

कानपुर।
नववर्ष 2026 के स्वागत में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), कानपुर शाखा द्वारा रविवार को एक भव्य पिकनिक, लोहड़ी उत्सव एवं फैमिली गेट-टुगेदर का आयोजन किया गया। यह आयोजन कल्याणपुर स्थित ‘रॉयल किंग क्लब एंड रिज़ॉर्ट’ में संपन्न हुआ, जहां चिकित्सा जगत की व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर शहर के सैकड़ों चिकित्सक अपने परिवारजनों के साथ शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोहड़ी की पारंपरिक अग्नि रही, जिसके चारों ओर डॉक्टरों और उनके परिजनों ने ढोल की थाप पर जमकर नृत्य किया और नववर्ष की खुशियों को साझा किया। उत्सव में लाइव म्यूज़िक, डीजे, म्यूज़िकल चेयर सहित कई मनोरंजक गतिविधियों ने माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया।
बच्चों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया। उनके लिए स्केटिंग, टग ऑफ वॉर और विभिन्न फन एक्टिविटीज़ का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। साथ ही स्वादिष्ट रिफ्रेशमेंट और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई, जिसका सभी सदस्यों ने आनंद लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी एवं एडिशनल सीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी उपस्थित रहे। अतिथियों ने आईएमए कानपुर के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम चिकित्सकों के मानसिक तनाव को कम करने के साथ-साथ आपसी सहयोग और सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने की। कार्यक्रम का सफल संचालन सांस्कृतिक सचिव डॉ. रेणु सिंह गहलौत एवं संयुक्त सांस्कृतिक सचिव डॉ. स्मिता सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। वहीं अंत में सचिव डॉ. शालिनी मोहन ने सभी आगंतुकों, अतिथियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉ. किरण पांडे (चेयरपर्सन, कल्चरल सब-कमेटी), डॉ. नीलम मिश्रा, डॉ. देवज्योति देबरॉय (उपाध्यक्ष), डॉ. विशाल सिंह (वित्त सचिव), डॉ. कुणाल सहाय एवं डॉ. सपना मेहरोत्रा (समन्वयक) सहित प्रबंधन समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आईएमए पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष की शुरुआत में इस तरह के आयोजनों से चिकित्सकों के बीच टीम भावना, पारिवारिक सामंजस्य और आपसी सौहार्द को मजबूती मिलती है, जो उनके पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन दोनों के लिए सकारात्मक साबित होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद