संगम स्नान कर लौट रहे परिवार के 7 लोग घायल, 6 की हालत गंभीर
कानपुर।
कानपुर जनपद के घाटमपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संगम स्नान कर घर लौट रहे एक परिवार की बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में बोलेरो सवार एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, श्रावस्ती जिले के थाना कटरा क्षेत्र स्थित मललौना खासियरी गांव निवासी एक परिवार बोलेरो वाहन से प्रयागराज (इलाहाबाद) में संगम स्नान के लिए गया हुआ था। रविवार सुबह सभी लोग स्नान कर अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही बोलेरो घाटमपुर थाना क्षेत्र के नौरंगा कस्बे के पास पहुंची, वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गहरे खड्ड में जा पलटा।
हादसे में बोलेरो सवार चंद्रभान शुक्ला पुत्र राम चमेली, किशनी नंदन पुत्र जनक राज (33 वर्ष), मनोज पुत्र तिलक (40 वर्ष), नर्वदेश्वर पुत्र विदेश्वर (30 वर्ष), नीतीश कुमार पुत्र बलराम, भूरे पुत्र जनक राज (33 वर्ष) सहित परिवार का एक अन्य सदस्य घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची घाटमपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि एक घायल का इलाज सीएचसी में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस ने वाहन की स्थिति और सड़क हालात को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
घाटमपुर में अनियंत्रित बोलेरो खड्ड में पलटी