कानपुर।
साइबर अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और अब वे प्रशासनिक अधिकारियों को भी निशाना बना रहे हैं। कानपुर के घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह का व्हाट्सएप अकाउंट मंगलवार सुबह हैक कर लिया गया। हैकर लगभग डेढ़ घंटे तक अकाउंट का उपयोग करते रहे और कई संपर्कों को संदिग्ध लिंक भेजा।
एसडीएम ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उनका व्हाट्सएप अचानक लॉग आउट हो गया। पासवर्ड से पुनः लॉगिन करने पर पता चला कि उनकी प्रोफाइल फोटो बदल चुकी थी। प्रोफाइल पर ‘RTO व्हीकल इन्फो’ के साथ पुलिस का लोगो लगी कार की तस्वीर दिखाई दे रही थी। हैकर्स ने एसडीएम के नंबर से व्यक्तिगत चैट और ग्रुप्स में “chek RTO चालान” नामक संदिग्ध एप्लिकेशन लिंक भेजा।
करीब डेढ़ घंटे बाद, ऐप को दोबारा डाउनलोड और री-सेट करने पर अकाउंट सामान्य स्थिति में आ गया। एसडीएम ने मामले की लिखित शिकायत घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव से की। एसीपी ने पुष्टि की कि मामला साइबर सेल को सौंपा गया है और टीम जांच में जुटी है।
एसडीएम ने जनता से अपील की है कि अनजान स्रोत से आने वाले एप्लिकेशन या लिंक डाउनलोड न करें, व्हाट्सएप पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन हमेशा चालू रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत पुलिस या साइबर सेल को सूचित करें।
घाटमपुर एसडीएम का व्हाट्सएप हैक, संदिग्ध ‘आरटीओ चालान’ लिंक भेजा गया