कानपुर।
चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) के तत्वावधान में हैलट अस्पताल में नववर्ष के अवसर पर सेवा और संवेदना से जुड़ी एक सराहनीय पहल देखने को मिली। संघ से जुड़े कर्मचारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच स्वल्पाहार वितरित कर नए वर्ष का स्वागत हर्षोल्लास के साथ किया। इस आयोजन का उद्देश्य मरीजों को आत्मीयता का एहसास कराना और उनके मनोबल को बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. आरके सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए डॉ. संजय काला और डॉ. आरके सिंह ने स्वयं मरीजों को स्वल्पाहार वितरित किया और उनका हालचाल जाना। इस दौरान मरीजों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलकता नजर आया।
संघ के संरक्षक बीएल गुलाबिया और अध्यक्ष अजय कुमार कुशवाहा ने अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीएल गुलाबिया ने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक रोगी उनके लिए भगवान स्वरूप है और उसकी सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हैलट अस्पताल का स्वरूप तेजी से बदला है और व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. संजय काला सरकार की “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को धरातल पर उतारते हुए मरीजों का विश्वास जीतने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, संघ के अध्यक्ष अजय कुमार कुशवाहा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि अस्पताल में भर्ती सभी रोगी शीघ्र स्वस्थ होकर अपने घर लौटें। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ मरीजों की सेवा करते रहें।
समारोह के दौरान मुख्य रूप से मनोज कुमार, सुशील कुमार वर्धन, ऋषि मोहन, अहमद अली, राम बहादुर, अजहर हुसैन, अशर्फी लाल, मनीष और दीपक गौतम सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने इसे मानवीय सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताया।
हैलट अस्पताल में कर्मचारियों ने मरीजों को स्वल्पाहार बांटकर मनाया नववर्ष, डॉ. संजय काला ने की सराहना