कानपुर। माघ मेला के मद्देनज़र रेल परिसर में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए जीआरपी कानपुर सेन्ट्रल ने बड़ी कार्रवाई की है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 48 अदद ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की (180 एमएल) कुल 8 लीटर 640 एमएल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10 हजार से अधिक बताई जा रही है।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी के मार्गदर्शन एवं पुलिस महानिदेशक रेलवे मोदक राजेश डी. राव के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी, चोरी व मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त वर्मा की सतत मॉनिटरिंग तथा पुलिस उपाधीक्षक कानपुर दुष्यन्त कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 02 जनवरी 2026 को समय लगभग 01:40 बजे प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में थाना जीआरपी कानपुर सेन्ट्रल की टीम ने कानपुर सेन्ट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 01 पर स्थित पार्सल साइड कूड़ा घर के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े युवक को चेक किया। तलाशी के दौरान उसके लाल रंग के पिड्डू बैग से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह उक्त शराब को बिहार ले जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आदिल पुत्र वाहिद निवासी राजीपुरा थाना कालपी जनपद जालौन, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना जीआरपी कानपुर सेन्ट्रल में चोरी एवं आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना जीआरपी कानपुर सेन्ट्रल में मु0अ0सं0 01/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा आगे की विधिक कार्यवाही जारी है। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि माघ मेला एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चेकिंग अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
माघ मेला से पहले जीआरपी की सख्त कार्रवाई, अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी