मनीष गुप्ता
कानपुर। पूरे प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड और लगातार गिरते तापमान के बीच कानपुर प्रेस क्लब एवं शहर के समाजसेवियों ने मानवता और सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। ठंड से ठिठुर रहे निराश्रित, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार की देर रात तक एक विशेष सहायता अभियान चलाया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों को गर्म कपड़े और कंबल वितरित किए गए।
कानपुर प्रेस क्लब और समाजसेवियों के संयुक्त तत्वावधान में यह अभियान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया गया। इस दौरान सड़कों, फुटपाथों, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रहने वाले जरूरतमंदों को कंबल, स्वेटर, जैकेट, मोजे, टोपी, मफलर सहित अन्य गर्म वस्त्र प्रदान किए गए। भीषण शीतलहर के बीच जब तापमान लगातार गिर रहा है, ऐसे समय में इस पहल से निराश्रितों को बड़ी राहत मिली।
इस अवसर पर समाजसेवी डॉ. ललित श्रीवास्तव ने उपस्थित जरूरतमंदों को ठंड से बचाव एवं जीवन रक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने शीतलहर के दौरान शरीर को गर्म रखने, खानपान पर ध्यान देने तथा गंभीर ठंड में सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।
कानपुर प्रेस क्लब के कार्यकारिणी सदस्य मयंक मिश्रा ने बताया कि प्रेस क्लब द्वारा हर वर्ष सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों के लिए इस प्रकार के सेवा कार्य किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और संवेदना की यह मुहिम केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे शीतकाल में इसे निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण असहाय न रहे।
उन्होंने समाज के अन्य सक्षम लोगों से भी अपील की कि वे आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करें और मानवता के इस कार्य में भागीदार बनें। प्रेस क्लब एवं समाजसेवियों की यह पहल शहर में सामाजिक एकजुटता और संवेदनशीलता का संदेश देती नजर आई।
इस पुनीत कार्य में समाजसेवी अनूप दीक्षित, पंडित सौरभ शुक्ला, पत्रकार रविकांत चौरसिया, पत्रकार बीरेंद्र निगम, डॉ. अंकित यादव, स्वप्निल श्रीवास्तव (मोहित), रोहित राज वर्मा, शोभित राज वर्मा, सुशील श्रीवास्तव, सौरभ पाल, हर्षित पाल सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे। सभी ने सेवा भाव के साथ जरूरतमंदों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की।