ऑटो गैंग का भंडाफोड़, सेल्समैन से स्कूटी व 3.90 लाख की लूट करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार

कानपुर। थाना स्वरूप नगर क्षेत्र में ऑटो गैंग द्वारा सेल्समैन से स्कूटी और 3 लाख 90 हजार रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 73 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक स्कूटी तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो और बोलेरो कार बरामद की है।
घटना 25 दिसंबर 2025 की है, जब जीआरएस अस्पताल के सामने ऑटो पर सवार चार बदमाशों ने एक सेल्समैन की स्कूटी में जानबूझकर टक्कर मार दी। इसके बाद बदमाशों ने बलपूर्वक स्कूटी और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना स्वरूप नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त अपराध, पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल, अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल एवं सहायक पुलिस आयुक्त स्वरूप नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक स्वरूप नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सर्विलांस टीम तथा ऑपरेशन त्रिनेत्र कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर, शिवम, शिवम पाल उर्फ अंकित पाल, सोनू, राम यादव और ज्ञान सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी समीर शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी वर्तमान मुकदमे में विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 73 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, लूटी गई स्कूटी तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो और बोलेरो कार बरामद कर ली है। बरामद वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया गया है।
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थाना स्वरूप नगर, क्राइम टीम और सर्विलांस टीम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय ऑटो गैंग का पर्दाफाश हुआ है और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। अपराधियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद