पढ़ने की उम्र में बने हाईवे लुटेरे, कार में बैठाकर करते थे लूटपाट

कानपुर।
चौबेपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर कार में सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कार सवार तीन युवकों को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों ने चार दिन पहले रिश्तेदारी में जा रहे एक युवक से लूट कर उसे चलती कार से फेंकने की घटना को अंजाम दिया था।
सजेती थाना क्षेत्र के असधना निवासी अमित कुमार उर्फ कुलदीप को 16 दिसंबर की दोपहर बिल्हौर में बहनोई के भाई की मृत्यु की सूचना मिली थी। इसके बाद वह कल्याणपुर में सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की बैगनआर कार में सवार तीन युवकों ने खुद को बिल्हौर जा रहा बताते हुए अमित को कार में बैठा लिया।
कार में बैठाने के बाद आरोपियों ने चौबेपुर में तातियागंज के आगे कार को पचोर मार्ग की ओर मोड़ दिया। सुनसान स्थान पर पहुंचते ही आरोपियों ने अमित से तीन हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, अंगूठी और एटीएम कार्ड लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे चलती कार से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। रविवार दोपहर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पचोर अंडरपास के नीचे संदिग्ध रूप से खड़ी कार में सवार तीन युवकों को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार चौबे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में चौबेपुर थाना क्षेत्र के भाऊपुर गांव निवासी शिव यादव, रूरा निवासी ऋषभ दुबे उर्फ पन्नी और अरौल थाना क्षेत्र के मजबूत नगर पिहानी गांव निवासी ऋषि पांडेय उर्फ बेटू शामिल हैं। तीनों की उम्र 19 से 20 वर्ष के बीच है। पूछताछ में आरोपियों ने चार दिन पहले हुई लूट की घटना स्वीकार की है। उनके पास से लूटी गई नकदी, अंगूठी और एटीएम कार्ड भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी मंधना क्षेत्र में तकिया जामा मस्जिद के पास एक मकान में छात्र बनकर किराये पर रह रहे थे। मकान मालिक ने बताया कि युवकों ने खुद को पढ़ाई करने वाला बताकर करीब सात माह पहले कमरा लिया था। वे रोज सुबह घर से निकलते और शाम को वापस लौटते थे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद