कानपुर।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के एक मामले में कोर्ट पेशी पर जा रही महिला के साथ उसके पति द्वारा सरेआम मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में पीड़िता घायल हो गई, जबकि सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
मिर्जापुर निवासी महेश्वरी देवी ने बताया कि उनकी पुत्री तान्या की शादी करीब एक वर्ष पूर्व इंद्रा नगर निवासी शिवम कटियार से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद पति द्वारा दहेज की मांग को लेकर तान्या को प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता के मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण दहेज की मांग पूरी नहीं हो सकी, जिससे नाराज होकर आरोपी पति ने मारपीट करते हुए तान्या को घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने पति के विरुद्ध दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मुकदमे की सुनवाई के लिए तान्या अपनी छोटी बहन के साथ कोर्ट जा रही थी। आरोप है कि आरोपी पति शिवम कटियार अपने कुछ साथियों के साथ कल्याणपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहले से घात लगाए बैठा था। जैसे ही तान्या और उसकी बहन वहां पहुंचीं, आरोपी ने उन पर हमला कर दिया और सरेआम मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान आरोपी ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह पीड़िता ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पीड़िता ने चौकी पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी राजेंद्र कांत शुक्ला ने बताया कि आरोपी पति शिवम कटियार को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को हर संभव कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।