कानपुर। श्री जयतु जगदीश महिला मण्डल की आम सभा ज्ञान भारती एम.एस. इंटर कॉलेज, बिरहाना रोड में धूमधाम से आयोजित हुई, जिसमें आगामी सत्र 2025–27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीए नरेन्द्र कुमार गुप्ता एवं समाजसेविका शैल गुप्ता उपस्थित रहीं, जबकि अध्यक्षता मण्डल के संस्थापक/चेयरमैन सत्यनारायण गुप्ता ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और गणेश-सरस्वती वंदना के साथ हुई।
मंचासीन अतिथियों का स्वागत जयनारायण और मयंक द्वारा बैज व पटका पहनाकर किया गया। वर्तमान सत्र 2023–25 की महामंत्राणी हेमा ओमर ने मण्डल के द्वारा किए गए विविध सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मण्डल ने होली मिलन, पिकनिक, रेनबो थीम पार्टी, शीतलहर में चाय व ऊनी वस्त्र वितरण, नौतपा में शरबत एवं गमछा वितरण, तुलसी पूजन, महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी की छठी व महाप्रसाद आयोजन सहित कई धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न किए। सभी महिला सदस्यों ने इन आयोजनों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रिपोर्ट को आम सभा ने सर्वसम्मति से पास किया।
कोषाध्यक्षा अर्चना गुप्ता व रीता गुप्ता ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। संरक्षिकाएं गीता गुप्ता व शशि गुप्ता ने वर्तमान कार्यसमिति को उत्कृष्ट कार्यों के लिए उपहार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के प्रमुख चरण में संस्थापक/चेयरमैन सत्यनारायण गुप्ता ने वर्तमान कार्यसमिति को उनके सफल व सक्रिय कार्यकाल के लिए धन्यवाद देते हुए समिति को भंग किया और सत्र 2025–27 हेतु नई कार्यकारिणी का गठन किया। नई कार्यकारिणी में हेमा ओमर को अध्यक्षा, रीता गुप्ता को महामंत्राणी एवं अर्चना गुप्ता को कोषाध्यक्षा मनोनीत किया गया। उसके बाद उपस्थित सदस्याओं ने अन्य पदों का चयन किया। कोऑर्डिनेटर राजेश गुप्ता और उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत एवं बधाई दी। सभा में अलका, मीनाक्षी, लक्ष्मी, शालिनी, राही, अंजू तथा अधिवक्ता मीनाक्षी सहित कई गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।