संवाददाता मनीष गुप्ता
कानपुर। दिल्ली में हुए विस्फोटक धमाके के बाद पूरे उत्तर भारत में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। इसी क्रम में रविवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) आशुतोष कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, पार्किंग क्षेत्र और यात्रियों के प्रवेश द्वारों पर विशेष सतर्कता बरती गई।
चेकिंग के दौरान बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) और जीआरपी (Government Railway Police) की संयुक्त टीमों ने पूरे स्टेशन परिसर की बारीकी से तलाशी ली। यात्रियों के सामान, ट्रॉलियों, और छोड़े गए बैगों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने कहा कि दिल्ली की घटना को देखते हुए कानपुर में सुरक्षा के उच्चतम मानक लागू किए गए हैं। स्टेशन पर आने-जाने वाले हर यात्री और वाहन की स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाया गया है।
चेकिंग अभियान के दौरान यात्रियों से भी अपील की गई कि वे संदिग्ध व्यक्ति, बैग या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या रेलवे अधिकारियों को दें। इसके साथ ही स्टेशन पर मौजूद दुकानदारों और कर्मचारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान आगामी दिनों तक जारी रहेगा, ताकि त्योहारों और भीड़भाड़ वाले सीज़न में किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। पुलिस की यह तत्परता यात्रियों में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मज़बूती से स्थापित कर रही है।