कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर के जिला कार्यालय में आज मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (एस.आई.आर) को लेकर आर्यनगर विधानसभा के तीनों मंडलों के अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों व मंडल महामंत्रियों की एक अति महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि हम सभी एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ता हैं और राष्ट्रसेवा की भावना से दिन-रात विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल का अंतिम उद्देश्य चुनाव जीतना और सरकार बनाना होता है। वर्ष 2003 के बाद यह एक बड़ा अवसर प्राप्त हुआ है कि एस.आई.आर अभियान के माध्यम से हम फर्जी मतदाताओं, घुसपैठियों और रोहिंग्याओं को मतदाता सूची से बाहर कर सकें तथा वास्तविक मतदाताओं के साथ एक त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार कर स्वस्थ और सुदृढ़ लोकतंत्र की स्थापना कर सकें। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी सलिल विश्नोई ने कहा कि आर्यनगर विधानसभा भाजपा की दृष्टि से सबसे ऊर्जावान विधानसभा है, फिर भी लगातार चुनाव हारना चिंतन का विषय है। उन्होंने कहा कि एस.आई.आर अभियान के माध्यम से हमें बोगस वोटरों को मतदाता सूची से बाहर करने का अवसर मिला है। यह 90 दिन का अभियान हमारे लिए निर्णायक है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता को सीमा पर खड़े सैनिक की तरह सतर्क रहकर ऐसे बी.एल.ए.-2 की नियुक्ति करनी होगी, जो बी.एल.ओ. के साथ मिलकर वास्तविक मतदाता सूची तैयार करे।सलिल विश्नोई ने कहा मैं वादा करता हूं कि यदि हम त्रुटिरहित मतदाता सूची का निर्माण करा लेते हैं, तो 2027 के चुनाव में पार्टी जिस भी कार्यकर्ता को टिकट देगी, वह विजयी होकर विधानसभा पहुंचेगा। बैठक में प्रमुख रूप से जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, मंडल प्रभारी पूनम कपूर, नवाब सिंह, अभियान संयोजक रोहित साहू, मंडल अध्यक्ष योगेश पांडे, रमाशंकर अग्रहरि, दीपक शुक्ला, महामंत्री आशीष तिवारी, नीता मिश्रा, नितेश सोनकर, तथा विवेक जायसवाल उपस्थित रहे।
आर्यनगर में भाजपा का एस.आई.आर मिशन लॉन्च— नेताओं ने जताई जीत की उम्मीद