जिलाधिकारी ने साइन लैंग्वेज में दी बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं
कानपुर ।
दीपावली के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें मूक-बधिर एवं अन्य दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित आकर्षक उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री की गई।
प्रदर्शनी का शुभारंभ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से साइन लैंग्वेज में संवाद करते हुए उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
दिव्यांग डेवलपमेंट सोसायटी, कानपुर नगर द्वारा लगाए गए इस स्टॉल में बच्चों ने वेस्ट मटेरियल से तैयार किए गए फैंसी कैंडल स्टैंड, डिज़ाइनर दीये, कुशन कवर, पायदान और हेयर एक्सेसरीज़ जैसे आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए। जिलाधिकारी ने बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा — “इन बच्चों का आत्मबल और सृजनशीलता हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। हर व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनते हुए स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।”
इस अवसर पर जिया, रिमझिम, अपूर्वा, अंजली, पलक, प्रीति, आमना और प्रियांशु सहित कई दिव्यांग बच्चे उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों के माध्यम से अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिलाधिकारी बच्चों की सृजनशीलता से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने स्वयं बच्चों द्वारा बनाए गए सिरेमिक शंख (कैंडल रूप में निर्मित) की खरीदारी की और क्यूआर कोड से ऑनलाइन भुगतान किया। उन्होंने बच्चों को उनके ही अंदाज़ में दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
जिलाधिकारी के स्नेहपूर्ण व्यवहार से बच्चों के चेहरों पर प्रसन्नता और गर्व की झलक स्पष्ट दिखाई दी। कलेक्ट्रेट परिसर में लगी यह प्रदर्शनी दीपावली की रौनक बढ़ाने के साथ-साथ दिव्यांग बच्चों की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण बनी।