मनीष गुप्ता
कानपुर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को कल्याणपुर क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई की। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) एवं नर्सिंग होम प्रभारी डॉ. रमित रस्तोगी ने औचक निरीक्षण के दौरान न्यू लाइफ बेबी केयर, माधव हॉस्पिटल और माँ शक्ति नर्सिंग होम में घुसकर व्यवस्थाएं परखी।
जांच के दौरान पाया गया कि तीनों अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे थे। इस पर एसीएमओ ने न्यू लाइफ बेबी केयर के प्रथम तल के वार्ड को सील कर दिया और अस्पताल प्रबंधन को 24 घंटे का समय दिया गया कि भर्ती शिशुओं को सुरक्षित अन्य अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया जाए।
वहीं, माधव हॉस्पिटल और माँ शक्ति नर्सिंग होम को तत्काल बंद करने के निर्देश जारी किए गए। एसीएमओ ने बताया कि इन अस्पतालों के पास न पंजीकरण था, न ही नियमानुसार कागज़ात। ऐसे में तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
लापरवाही से खेल रही थीं जिंदगियाँ
सूत्रों के मुताबिक इन अस्पतालों में मरीजों के इलाज की स्थिति बेहद लापरवाह थी। न तो प्रशिक्षित स्टाफ था, न ही पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएँ। सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि आपातकालीन सेवाओं और सुरक्षा उपकरणों का भी अभाव था, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था।
डॉ. रमित रस्तोगी ने कहा कि विभाग लगातार ऐसे अस्पतालों और नर्सिंग होम्स पर कार्रवाई कर रहा है, जो नियमों को ताक पर रखकर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी औचक निरीक्षण किए जाएंगे और बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों पर ताला पड़ना तय है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई अन्य नर्सिंग होम संचालक अपने दस्तावेज़ दुरुस्त करने में जुट गए हैं।