आईआईटी कानपुर में ‘समन्वय’ कार्यक्रम: मुख्यमंत्री योगी बोले- टेक्नोलॉजी मानवता और देशहित के लिए वरदान

कानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को आईआईटी कानपुर पहुंचे, जहाँ उन्होंने उद्योग और अकादमिक जगत के बीच जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘समन्वय’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलन कर किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि “टेक्नोलॉजी मनुष्य के लिए वरदान है, लेकिन इसका उपयोग केवल मानवता और देशहित के लिए होना चाहिए।” उन्होंने जोर दिया कि भारत आज हर स्तर पर तकनीकी ऊंचाइयां छू रहा है और इसी कारण हम तेजी से दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो रहे हैं।

भारत की नई आर्थिक ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 300 साल पहले भारत पूरी दुनिया में अर्थव्यवस्था के मामले में पहले स्थान पर था और वैश्विक जीडीपी में 20 प्रतिशत योगदान देता था। समय के साथ परिस्थितियाँ बदलीं और 1947 तक भारत का योगदान मात्र 2 प्रतिशत रह गया। लेकिन आज पिछले 11 वर्षों में भारत ने तेज़ी से तरक्की की है और दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर सामने आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दो वर्षों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

आईआईटी कानपुर की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का पहला कंप्यूटर आईआईटी कानपुर ने दिया था और आज भी यह संस्थान लगातार नए-नए नवाचारों और अनुसंधानों में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि मन के तीन स्तर— चेतन, अवचेतन और अचेतन— अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने आईआईटी को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नोएडा में बनाए जा रहे डीप टेक सेंटर का नेतृत्व करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इसके लिए जमीन आवंटित हो चुकी है और अब आवश्यकता है कि वैज्ञानिक और उद्योग जगत एक साथ आकर इसे साकार करें।

प्रदेश में साइबर सुरक्षा का विस्तार

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में केवल दो साइबर सुरक्षा थाने थे, लेकिन आज प्रदेश के 75 जिलों में साइबर सुरक्षा थाने मौजूद हैं और प्रत्येक थाने में साइबर हेल्प डेस्क की स्थापना की जा चुकी है। यह बदलाव तकनीकी विकास और सुरक्षा व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम है।

कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान, आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रोफेसर मणिन्द्र अग्रवाल, डॉ. हैरिक विन और डिप्टी डायरेक्टर बृजभूषण समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद