कानपुर कैंट। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कानपुर कैंट में संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का शुभारंभ सेंट्रल स्टेशन फैसिलिटी सेंटर में बड़े ही भव्य तरीके से हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद कानपुर नगर रमेश अवस्थी ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस प्रतियोगिता में लखनऊ संभाग के आठ केंद्रीय विद्यालयों से लगभग 450 विद्यार्थी अपने 50 अनुरक्षकों के साथ भाग ले रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि विद्यार्थी हमारे देश का आने वाला कल हैं, इसलिए उनका संविधान के प्रति जागरूक होना और संसदीय प्रक्रियाओं की जानकारी होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जानकारी और जागरूकता से युक्त युवा ही विकसित भारत के सपने को पूरा करने में सक्षम होंगे।
सी ओ 4 असम कर्नल आर.के. सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थी देश की राजनीतिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक होते हैं। युवा संसद प्रतियोगिता विद्यार्थियों को संसदीय कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव देने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग करती है। इसमें प्रतिभागी संसद की कार्यवाही का अनुकरण करते हुए विभिन्न मुद्दों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, आर्थिक नीतियों आदि पर चर्चा करते हैं।
उपायुक्त लखनऊ संभाग सोना सेठ ने कहा कि युवा संसद प्रतियोगिता विद्यार्थियों को संसदीय प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास, संवाद क्षमता और नेतृत्व कौशल को भी मजबूत करती है। प्रदेश व्यापार अध्यक्ष मुकुंद मिश्र भी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
विद्यालय प्राचार्य सोमपाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता में विद्यार्थी सांसद, मंत्री, विपक्ष के नेता आदि की भूमिकाएं निभाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की गहराई से समझ विकसित करेंगे।
कार्यक्रम की मुख्य समन्विका मीरा दुबे और समन्वयक मितलेश कुमारी एवं प्रदीप कुमार मिश्र रहे। कार्यक्रम संयोजन का दायित्व राजेश कुमार मिश्र और धीरज सिंह ने निभाया। संचालन जया शर्मा और शैलेश गुप्ता ने किया।
विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के प्राचार्यों की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।