।
कानपुर,भाजपा नेता और अधिवक्ता सर्वेश शुक्ला ने सोशल मीडिया पर कटिया डालने का वीडियो वायरल होने के बाद एक युवक के घर पर जाकर उसे धमकाया। साथ ही फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। दरअसल युवक ने भाजपा नेता का कटिया डालते हुए एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो को रीट्वीट किया था।
भाजपा नेता का युवक को धमकाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने युवक की मां की शिकायत पर भाजपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
शास्त्री नगर निवासी अशोक राय की पत्नी साधना राय ने कुछ दिनों पहले इलाके में रहने वाले भाजपा नेता और अधिवक्ता सर्वेश शुक्ला उर्फ बम-बम का कटिया डालते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था, जिसे उनके बेटे गौरव ने एक्स पर री-ट्वीट किया था। आरोप है कि इस बात पर रंजिश मानकर बीते 20 अगस्त को सर्वेश शुक्ला उनके घर पहुंचे।
साथ ही बेटों को समझाने की बात कहने लगे। उनके दोनों बेटे को धमकाते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पहले मैने छेड़खानी के मुकदमे में जेल जाने से बचा लिया था। अबकी जेल जाने से बच नहीं पाओगे। पीड़िता ने बताया कि भाजपा नेता ने 2023 में भी बेटे पर छेड़खानी का झूठा मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने जांच के बाद उनके बेटों का नाम हटा दिया था। पीड़िता के मुताबिक भाजपा नेता ने क्षेत्र के जवाहर पार्क पर भी अवैध कब्जा कर रखा है। वहीं इस मामले में सर्वेश शुक्ला उर्फ बम-बम का कहना है कि महिला के बेटे ने साथियों के साथ मिलकर एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान 2023 में किशोरी से छेड़खानी के विरोध में मारपीट की थी।
जिस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी उनसे रंजिश मानने लगे है। उन पर राजनैतिक द्वेष के कारण उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। काकादेव थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।