कानपुर।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने लाल इमली चौराहा स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए छात्रों से संवाद भी किया। निरीक्षण के दौरान मिली सुविधाएं
पुस्तकालय में साहित्य, विज्ञान, गणित, इतिहास, संस्कृति, बाल साहित्य, जीवनी, आध्यात्मिक विषयों सहित कुल 65,000 से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं। सभी प्रमुख समाचार पत्रों की नियमित आपूर्ति होती है। पुस्तकालय में आरओ, वाई-फाई, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं और यह प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक खुला रहता है।
सीएसआर फंड से होने वाले सुधार
डीएम ने कहा कि इस ऐतिहासिक पुस्तकालय को 20 लाख रुपये के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के माध्यम से नया स्वरूप दिया जाएगा, जिससे यह पुस्तकालय आधुनिक तकनीकों एवं सुविधाओं से लैस हो सकेगा। पुस्तकालय को एसी, एग्जॉस्ट फैन, जनरेटर, नयी कुर्सियों और अध्ययन टेबल जैसी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कुछ छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं के समय लाइब्रेरी के संचालन समय में वृद्धि की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने एडीआईओएस को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। डीएम ने डीआईओएस कार्यालय के अधीन उपयोग में आ रहे पुस्तकालय परिसर के कक्षों को खाली कराने और वाचनालय में बैठने की क्षमता बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
गवर्नमेंट डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी को सीएसआर फंड से मिलेगा नया स्वरूप