एक लाख दीपों से जगमगाया मनकामेश्वर उपवन घाट, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

देव दीपावली पर आस्था, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का संगम, 11 मंचों से हुई महाआरती

लखनऊ। डालीगंज स्थित गोमती नदी के मनकामेश्वर उपवन घाट पर देव दीपावली महोत्सव 2026 भव्यता के साथ मनाया गया। श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर की महंत देव्या गिरि के नेतृत्व में ‘नमोस्तुते मां गोमती’ के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में एक लाख दीपों से घाट को सजाया गया। सूर्यास्त के साथ दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा और श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर हो गए।
महोत्सव के दौरान 11 मंचों से वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की गूंज के बीच महाआरती एवं दीपदान किया गया। महंत देव्या गिरि ने आरती का नेतृत्व किया। इस दौरान घाट ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय मां गोमती’ के जयघोष से गूंज उठा। आरती के बाद भव्य आतिशबाजी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी।
घाट पर श्रद्धालुओं और कलाकारों ने आकर्षक रंगोलियां सजाईं। दीपों से भारत माता का नक्शा और भगवान भोलेनाथ की आकृति बनाई गई, जो धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश देती नजर आई। परिसर में पारंपरिक मेले का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। महंत देव्या गिरि ने साधु-संतों का सम्मान किया। सामाजिक कार्यकर्ताओं, रंगकर्मियों, बॉलीवुड अभिनेता, मंदिर समिति के सदस्यों, महंत श्याम मिश्रा और मंदिर प्रबंधक सहित अन्य विशिष्ट जनों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महंत देव्या गिरि, महंत श्याम मिश्रा, महंत गण, राजेंद्र कुमार राज समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद