मुख्यमंत्री से लगाई गुहार, कार्रवाई न होने पर संत समाज के शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी
कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र के मरहम्मत नगर स्थित सिद्धेश्वर धाम मंदिर के पुजारी छोटू गिरी महाराज ने मंदिर परिसर में हमला करने और उनकी कुटिया में आग लगाने के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों से दोनों मामलों में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। पुजारी की ओर से दी गई तहरीर पर चौबेपुर थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। पहला मुकदमा चार नवंबर 2026 को दर्ज हुआ। इसमें आरोप लगाया गया कि दो नवंबर की रात करीब 9:30 बजे रविंद्र यादव उर्फ कल्लू, अमरेश उर्फ छोटू और उनके दो अज्ञात साथियों ने पुजारी की कुटिया पर पहुंचकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पुजारी के सिर में चोट आई और दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई। उन्हें 108 एंबुलेंस से सीएचसी चौबेपुर भेजा गया। वहीं, दूसरा मुकदमा 19 नवंबर को दर्ज कराया गया। पुजारी का आरोप है कि 18 नवंबर को आरोपियों ने पहला मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनकी रहने वाली कुटिया में आग लगा दी गई, जिससे खाने-पीने का सामान, बिस्तर, तख्त और पूजा सामग्री जल गई। पुजारी ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी थी। छोटू गिरी महाराज ने मुख्यमंत्री से दोनों मुकदमों की निष्पक्ष जांच, नामजद आरोपियों व उनके अज्ञात साथियों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों पर नियमानुसार कार्रवाई नहीं हुई तो संत समाज शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा।