आईएमए और कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन के संयुक्त आयोजन में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
कानपुर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), कानपुर एवं कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन की ओर से शनिवार को मधुमेह जागरूकता रैली निकाली गई। सुबह 7:30 बजे मोतीझील स्थित राजीव वाटिका से शुरू हुई रैली अशोक नगर और कारगिल पार्क होते हुए वापस राजीव वाटिका पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली में चिकित्सकों एवं प्रतिभागियों ने मधुमेह जागरूकता से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इस वर्ष विश्व मधुमेह दिवस की थीम ‘मधुमेह के प्रति समय रहते कदम’ रखी गई है। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर मधुमेह की पहचान, नियमित जांच और उचित उपचार से बीमारी को नियंत्रित रखने के साथ ही गंभीर जटिलताओं से भी बचा जा सकता है। विशेष रूप से टाइप-2 डायबिटीज के जोखिम को कम करने के लिए जीवनशैली में सुधार जरूरी है। रैली के समापन स्थल राजीव वाटिका में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें 140 लोगों की ब्लड शुगर, 124 लोगों की एचबीए1सी (ग्लाइकेटेड हीमोग्लोबिन) और 115 लोगों की सीरम क्रिएटिनिन जांच की गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने लोगों को आवश्यक परामर्श भी दिया।
इस अवसर पर आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर, सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव, कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रितेश चौधरी, सचिव डॉ. कुणाल सहाय, कोषाध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, डॉ. नंदिनी रस्तोगी, डॉ. ब्रिज मोहन, डॉ. रोहन कुमार, डॉ. रेनू सिंह गहलौत, डॉ. एसी अग्रवाल, डॉ. रीता मित्तल, डॉ. शालिनी मोहन, डॉ. यूसी सिन्हा, डॉ. किरन सिन्हा और डॉ. गौतम दत्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
दोनों संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान के जरिए लोगों को मधुमेह के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच कराने का संदेश दिया गया।