बिठूर को 411 करोड़ की सौगात

योगी ने 48 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, विरासत के सम्मान और गरीब कल्याण पर दिया जोर

कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानपुर के बिठूर में बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विरासत के सम्मान, विकास और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करने के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों को नया स्वरूप दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि बिठूर आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। यह वही पवित्र भूमि है, जहां महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की, माता सीता को आश्रय मिला और लव-कुश का बाल्यकाल व्यतीत हुआ। बिठूर ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में नाना साहब पेशवा, तात्या टोपे और अन्य क्रांतिकारियों के शौर्य एवं बलिदान को भी देखा है। सरकार इस ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

रामायण सर्किट से बढ़ेगी बिठूर की पहचान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिठूर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को नया स्वरूप दिया जा रहा है। यहां घाटों के निर्माण एवं पुनरुद्धार, महर्षि वाल्मीकि आश्रम के सुंदरीकरण और ब्रह्मावर्त घाट के विकास के कार्य किए जा रहे हैं। स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों से जुड़े स्मारकों के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है। रामायण सर्किट के माध्यम से बिठूर की पहचान को व्यापक स्तर पर विस्तार मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष इस पावन तिथि पर अवकाश घोषित करने के साथ प्रदेश के देव मंदिरों में अखंड रामायण पाठ की श्रृंखला शुरू की गई थी। आज प्रदेश भर के हजारों मठ-मंदिरों में श्रद्धा और आस्था के साथ रामायण पाठ आयोजित किया जा रहा है। महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया। रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला, पारिवारिक दायित्व, भाईचारे और कर्तव्यबोध की शिक्षा देने वाला महाकाव्य है।

कर्मों से महान बनता है मनुष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन हमें सिखाता है कि मनुष्य अपने कर्मों से महान बनता है। रत्नाकर से महर्षि वाल्मीकि बनने की यात्रा पश्चाताप, साधना और आत्मपरिवर्तन की प्रेरणादायक गाथा है। उनका जीवन बताता है कि दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी व्यक्ति अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ सकता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महर्षि वाल्मीकि की रामायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों और ऐतिहासिक विरासत के सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रही है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास, मां विंध्यवासिनी धाम का सुंदरीकरण, मथुरा-वृंदावन का विकास, चित्रकूट धाम का पुनरुद्धार और प्रयागराज में दिव्य-भव्य महाकुंभ का आयोजन इसी संकल्प के उदाहरण हैं। इन प्रयासों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिली है।

महापुरुषों से जुड़े स्थलों का होगा विकास

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े स्थलों का विकास किया जा रहा है। ऐसे लगभग चार हजार स्थलों पर बाउंड्रीवाल, छत, सुरक्षा व्यवस्था और सुंदरीकरण के कार्य शुरू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि विरासत का सम्मान केवल मंदिरों और स्मारकों के निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि महापुरुषों के विचारों को जीवन में अपनाना भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महापुरुषों के सम्मान में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। भदोही का नाम संत रविदास नगर भदोही किया गया, कन्नौज के मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखा गया और लखनऊ स्थित भाषा विश्वविद्यालय का नाम मान्यवर कांशीराम के नाम पर किया गया। वीरांगना ऊदा देवी पासी के नाम पर लखनऊ, वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर बदायूं तथा गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर पीएसी की नई बटालियन गठित की गई है। लखनऊ में महाराजा बिजली पासी के स्मारक और किले को भी नया स्वरूप दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आने वाली पीढ़ियां अपने महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानें और उनसे प्रेरणा प्राप्त करें। समाज के शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कानपुर में विकास कार्यों को मिली गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर में मेट्रो रेल की सुविधा उपलब्ध है। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर हवाई अड्डे की सुविधा को आगे बढ़ाया गया। कानपुर को लखनऊ से जोड़ने के लिए नए एक्सप्रेस-वे की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। गंगा नदी पर ट्रांस गंगा क्षेत्र में नए पुल के निर्माण को स्वीकृति देकर कार्य आगे बढ़ाया गया है। बिठूर और बिल्हौर विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, चित्रकूट, मां विंध्यवासिनी धाम, शुकतीर्थ और सारनाथ सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और व्यवस्थागत क्षमता का परिचय दुनिया ने देखा। बदलता प्रयाग और विकसित होता कानपुर प्रदेश में हो रहे बदलाव के उदाहरण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए सीमित स्थान उपलब्ध था, जबकि अब लगभग 20 हजार श्रद्धालु एक साथ दर्शन कर सकते हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के साथ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुविधा भी विकसित की गई है। सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी काम कर रही है।

कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीबों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा तथा कानून का शासन सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन अब स्थिति में सुधार हुआ है। विजयादशमी सहित विभिन्न पर्व और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। गांवों, शहरों, वार्डों और घरों में उत्साह का वातावरण है। सभी वर्गों के लोग भयमुक्त और तनावमुक्त माहौल में त्योहारों में भागीदारी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रामराज्य की भावना यही है कि बिना किसी भेदभाव के सभी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और प्रत्येक नागरिक सम्मान एवं सुरक्षा के साथ जीवन जी सके। सरकार विकास के साथ सामाजिक समरसता और जनकल्याण को भी प्राथमिकता दे रही है।

16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश में लगभग 16 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 65 लाख गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश में लगभग दो करोड़ लाभार्थियों को रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने घोषणा की कि दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को फिर से एक-एक निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से लगभग 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पांच लाख से अधिक बेटियों का विवाह कराया गया है। योजना के तहत बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।

राकेश सचान ने भी रखे विचार

कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के 25 करोड़ प्रदेशवासियों की सेवा कर रही है। शिक्षा, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन कर्म, पश्चाताप, साधना और आत्मपरिवर्तन की प्रेरणा देता है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि और नाना साहब की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वाल्मीकि रामायण पाठ में शामिल हुए तथा सीता कुटिया और प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर महिला कल्याण राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, अविनाश सिंह चौहान, मानवेन्द्र सिंह, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, मोहित सोनकर, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद