: चकेरी में महिला मरीज की मौत के बाद डॉक्टर ने दर्ज कराया मुकदमा, पुलिस कर रही जांच
कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र स्थित कैलाश मेडिकल सेंटर में महिला मरीज की मौत के बाद विवाद का मामला सामने आया है। अस्पताल संचालक डॉ. जितेन्द्र शर्मा ने मृतका के बेटे उत्कर्ष द्विवेदी पर 40 लाख रुपये मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
डॉ. जितेन्द्र शर्मा के अनुसार, महिला की मौत के बाद उसके बेटे ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध किया था। इसके बाद वायरल हुए ऑडियो में कथित तौर पर 40 लाख रुपये की मांग और रकम न देने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है।
मामले में अस्प,ताल संचालक ने न्यायालय की शरण ली। बताया गया है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस वायरल ऑडियो और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। ऑडियो की सत्यता और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।