कानपुर। फेथफुलगंज कैंट में नौ दिनों तक घर में विराजमान रहे गणपति बप्पा को मंगलवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भावुक माहौल में विदाई दी गई। सुबह से घर में पूजा-अर्चना और आरती का दौर चला। विसर्जन का समय आया तो परिवार के सदस्यों की आंखें नम हो गईं।घर में दूसरी बार स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा को श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच कैंट स्थित मसकन घाट लेकर पहुंचे। रास्तेभर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे। विसर्जन से पहले विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और शहर की खुशहाली की कामना की गई।नौ दिनों तक प्रतिदिन आरती और भोग के साथ बप्पा की आराधना की गई। विसर्जन के दौरान मनीष गुप्ता, उनकी पत्नी प्रियंका गुप्ता, माता राजकुमारी गुप्ता, छोटे भाई अभिषेक गुप्ता, पुत्र शिवांश गुप्ता, पुत्र दिव्यांश गुप्ता, मनोज यादव, पूजा यादव, कंचन यादव, मीना गुप्ता, वर्षा यादव, टिंकू समेत परिवार के छोटे बच्चे मौजूद रहे। प्रतिमा विसर्जित होने के बाद सभी ने हाथ जोड़कर अगले वर्ष बप्पा के जल्द घर लौटने की प्रार्थना की।
भक्ति के नौ दिन पूरे, नम आंखों से विदा हुए गणपति