कानपुर। फेथफुलगंज कैंट स्थित बाबा ओंकारेश्वर मंदिर के पास सजे गणेश पंडाल में शनिवार देर शाम श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पंडाल में विराजमान गणपति बप्पा की आकर्षक प्रतिमा और रंग-बिरंगी सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। दर्शन के साथ युवाओं और बच्चों में बप्पा के साथ सेल्फी लेने का उत्साह भी नजर आया। पंडाल में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पहले गणपति की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और इसके बाद मोबाइल से तस्वीरें खींचीं। युवतियां भी बप्पा की प्रतिमा के साथ सेल्फी लेकर इन पलों को यादगार बनाती नजर आईं। शाम होते ही पंडाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। रोशनी और फूलों से की गई सजावट ने पंडाल की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाबा ओंकारेश्वर मंदिर के पास हर वर्ष गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाता है। आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी गणेश उत्सव को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बप्पा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। आयोजकों की ओर से पंडाल में श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। देर शाम तक पूजा-अर्चना और दर्शन का सिलसिला चलता रहा। गणेश प्रतिमा के सामने तस्वीरें खिंचवाने का युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
फेथफुलगंज में बप्पा संग सेल्फी का क्रेज