नागेंद्र स्वरूप स्मृति व्याख्यान में युवाओं और सामुदायिक सहभागिता की भूमिका पर चर्चा
कानपुर। डीएवी कॉलेज, कानपुर में शनिवार को डॉ. नागेंद्र स्वरूप स्मारक व्याख्यान श्रृंखला के तहत पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विभाग की ओर से डॉ. नागेंद्र स्वरूप स्मार्ट लेक्चर हॉल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मनोज जौहरी ने की। मुख्य वक्ता कानपुर प्लॉगर्स फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. संजीविनी शर्मा रहीं।
डॉ. संजीविनी शर्मा ने ‘Waste Management and Environmental Sustainability: The Role of Youth and Community Participation’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। खासतौर पर युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे अपने व्यवहार में बदलाव लाकर परिवार और समुदाय को भी जागरूक कर सकते हैं।
उन्होंने अपशिष्ट प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कचरे के उचित निस्तारण, पुनर्चक्रण और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनावश्यक कचरे को कम करने, कचरे को अलग-अलग करने और पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने का आह्वान किया। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। व्याख्यान के दौरान युवाओं की सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के साथ सामुदायिक प्रयासों की जरूरत पर भी चर्चा हुई। वक्ता ने कहा कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास सामूहिक रूप से बड़ा बदलाव ला सकते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर जानकारी हासिल की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रख्यात शिक्षाविद् एवं दूरदर्शी व्यक्तित्व डॉ. नागेंद्र स्वरूप के शैक्षिक और सामाजिक योगदान को भी याद किया गया। वक्ताओं ने उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम की प्रभारी प्रो. संध्या सिंह, संयोजक डॉ. रमा भाटिया, सह संयोजक डॉ. अभय राज सिंह एवं आयोजन सचिव डॉ. दिवाकर पटेल रहे। आयोजन समिति के सदस्य डॉ. अमरेन्द्र प्रताप गोंड, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. विशाल कुमार श्रीवास्तव एवं डॉ. सत्येन्द्र कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।