नाना राव पार्क में सेवा संकल्प प्रदर्शनी का उद्घाटन

जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को लाभ दिलाने पर जोर

कानपुर। नाना राव पार्क में गुरुवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद रमेश अवस्थी ने किया। ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’ विषय पर आयोजित प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों व सूचनाओं के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर एक माह तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कानपुरवासियों से प्रदर्शनी में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार लाभ उठाने की अपील की।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और सूचना विभाग को आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से सेवा, सुशासन और विकास की यात्रा को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल रूप में उपलब्ध कराई गई है। जनधन, आधार और मोबाइल व्यवस्था के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण द्वारा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन-181, ओडीओपी, रोजगार, सोलर पंप और कृषि में ड्रोन के उपयोग सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद