श्रमिक शिक्षा से विकसित भारत का संकल्प

डिजिटल साक्षरता, कौशल विकास और सुरक्षित कार्यस्थल पर जोर

कानपुर। दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशालय कानपुर की ओर से बुधवार को क्षेत्रीय श्रम संस्थान, सर्वोदय नगर में श्रमिक शिक्षा दिवस समारोह आयोजित किया गया। ‘श्रमिक सशक्तिकरण से विकसित भारत @2047 की ओर सामूहिक संकल्प’ विषय पर हुए कार्यक्रम में करीब 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया। समारोह में श्रमिकों के कौशल विकास, डिजिटल साक्षरता, श्रम संहिताओं की जानकारी और सुरक्षित कार्य वातावरण पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। शिक्षा अधिकारी केएस ठाकुर ने स्वागत संबोधन और प्रगति समीक्षा प्रस्तुत की। क्षेत्रीय निदेशालय प्रभारी प्रमोद कुमार ने कहा कि शिक्षा, कौशल, सहभागिता और सामूहिक प्रयास विकसित भारत की आधारशिला हैं। श्रमिकों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आधुनिक कौशल, तकनीकी ज्ञान और डिजिटल साक्षरता पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रमिक चौपाल के माध्यम से श्रमिकों को उत्तर प्रदेश डिजिटल लेबर चौक एप से जोड़ने की पहल की जा रही है, जिससे उन्हें काम प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। क्षेत्रीय श्रम संस्थान के निदेशक देव कुमार सक्सेना ने डिजिटल साक्षरता, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा और व्यावसायिक कौशल की जानकारी को जरूरी बताया। क्षेत्रीय श्रमायुक्त (केंद्रीय) मुकेश तिवारी ने श्रम संहिताओं की आवश्यकता और व्यापार सुगमता पर विचार रखे। वित्तीय शिक्षा प्रशिक्षक निहारिका गुप्ता ने सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और वित्तीय जागरूकता पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त उदय बक्शी ने कहा कि श्रमिक शिक्षा बोर्ड अपनी स्थापना का 69वां वर्ष मना रहा है। उन्होंने श्रमिकों को तकनीकी बदलावों और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अध्यक्षता करते हुए अपर श्रम आयुक्त शमीम अख्तर ने बताया कि श्रमिक शिक्षा बोर्ड और उत्तर प्रदेश श्रम विभाग के संयुक्त प्रयास से भवन निर्माण श्रमिकों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल के तहत पांच लाख श्रमिकों की आय वृद्धि और कौशल उन्नयन का लक्ष्य रखा गया है।
व्यावसायिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य महानिदेशालय के उप महानिदेशक तनोज चंदन ने औद्योगिक विकास, सुरक्षा, स्वास्थ्य और उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सलाहकार समिति के सदस्य चंद्रशेखर, प्रमोद पटेल और तरनी कुमार पासवान सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने विचार रखे।
समारोह के सफल आयोजन में सहयोग के लिए क्षेत्रीय श्रम संस्थान, लिटिल फ्लावर्स एकेडमी और कन्हैया सेल्स, तिरंगा रबर, कानपुर को सम्मान पत्र प्रदान किए गए। अंत में केएस ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद