ब्रेकर पर उछली बाइक, युवक की मौत

भाई के कपड़े लेने हाथीपुर जा रहा था अमन, डिवाइडर से टकराने के बाद गंभीर रूप से हुआ घायल

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के संजीव नगर में मंगलवार दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। लव पार्क के पास तेज रफ्तार बाइक ब्रेकर पर उछलने के बाद अनियंत्रित हो गई। बाइक करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटती हुई डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस उसे कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
रावतपुर के गीतानगर निवासी अमन यादव मंगलवार दोपहर अपने बड़े भाई रामनिवास के कपड़े लेने हाथीपुर जा रहा था। रामनिवास हाथीपुर में किराए के कमरे में रहते हैं और रेलवे में ट्रेन गार्ड हैं। परिजनों के मुताबिक, रामनिवास का तीन सितंबर को रीजेंसी अस्पताल में स्टोन का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी और वह घर लौट आए थे। अमन उनके जरूरी कपड़े लेने के लिए बाइक से हाथीपुर निकला था।
परिजनों के अनुसार, अमन तिरंगा चौराहे से 60 फीट रोड होते हुए हाथीपुर की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे संजीव नगर स्थित लव पार्क के पास पहुंचते ही बाइक ब्रेकर पर अचानक उछल गई। इससे अमन बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित बाइक सड़क पर करीब 10 मीटर तक घिसटने के बाद डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि अमन के सिर में गंभीर चोट लग गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
हादसा होते ही आसपास मौजूद राहगीर मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमन को तत्काल कांशीराम अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो अमन की मौत की जानकारी से सभी बदहवास हो गए। मौसा इंद्रजीत यादव ने बताया कि अमन घर से अपने भाई के कपड़े लेकर आने की बात कहकर निकला था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर घर पहुंचेगी। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद