कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार को संभावित अचानक भीड़भाड़ (क्राउड सर्ज) की स्थिति से निपटने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी, वाणिज्य विभाग और रेलवे के अन्य संबंधित विभागों ने संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखना था। मॉक ड्रिल के दौरान कैंट साइड गेट संख्या-2 और सिटी साइड नई दिल्ली एंड स्थित फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर कृत्रिम रूप से भीड़भाड़ की स्थिति बनाई गई। इस दौरान आरपीएफ, जीआरपी और अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने यात्रियों को कतारबद्ध कर सुरक्षित तरीके से संबंधित प्लेटफार्मों तक पहुंचाने का अभ्यास किया। साथ ही भीड़ नियंत्रण, त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। अभ्यास में आरपीएफ के 35, जीआरपी के 25, वाणिज्य विभाग के आठ, स्काउट एवं गाइड के छह, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के छह, ऑपरेटिंग विभाग के 11, कैरेज एंड वैगन विभाग के छह तथा विद्युत विभाग के पांच कर्मचारी शामिल रहे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार मॉक ड्रिल पूरी तरह सफल रही। इससे किसी भी आकस्मिक भीड़भाड़ की स्थिति में सभी विभागों की संयुक्त कार्यप्रणाली और आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कानपुर सेंट्रल पर भीड़ प्रबंधन का रिहर्सल, संयुक्त मॉक ड्रिल सफल