कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने अपने दो दिवसीय कानपुर प्रवास के दूसरे दिन आगामी 22 जुलाई को आयोजित होने वाले विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलनों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संगठन के पदाधिकारियों को सभी कार्यक्रमों को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन है और बूथ स्तर का कार्यकर्ता पार्टी की विजय का आधार स्तंभ होता है। इसी उद्देश्य से कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभाओं में एक साथ बूथ सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है।
राम किशोर साहू ने कहा कि बूथ सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी चुनावों की तैयारियों का महत्वपूर्ण चरण है। इन सम्मेलनों के माध्यम से बूथ अध्यक्षों को संगठन की आगामी कार्ययोजना, जिम्मेदारियों और जनसंपर्क अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बूथ कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम है।
उन्होंने बताया कि सभी 52 विधानसभाओं में सम्मेलन स्थलों का चयन पहले ही किया जा चुका है तथा कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक सम्मेलन में प्रदेश और क्षेत्र स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कई विधानसभाओं में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने जिलाध्यक्षों, विधानसभा संयोजकों और संगठन के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सम्मेलन समयबद्ध, अनुशासित और गरिमामय ढंग से संपन्न होना चाहिए। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनका प्रशिक्षण, संवाद और संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा के साथ करें।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि सभी 52 विधानसभाओं में आयोजित होने वाले बूथ सम्मेलनों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य अतिथियों एवं वक्ताओं के प्रवास कार्यक्रम भी तय हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में केवल बूथ अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है और प्रत्येक बूथ अध्यक्ष की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा बूथ को संगठन की आत्मा मानकर कार्य करती रही है और यह सम्मेलन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ आगामी चुनावी रणनीति को धार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
22 जुलाई को 52 विधानसभाओं में होंगे भाजपा के बूथ सम्मेलन