गोविंद नगर से बर्रा बाईपास तक निकलेगी रथयात्रा, संकीर्तन, सांस्कृतिक झांकियां और महाप्रसाद होगा आकर्षण
कानपुर। इस्कॉन कानपुर के तत्वावधान में 19 जुलाई 2026, रविवार को भगवान श्री श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी निकलने वाली रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। रथयात्रा सायं 4 बजे श्री राम दशानन धर्मशाला (रामलीला ग्राउंड के पास), गोविंद नगर से प्रारंभ होकर बर्रा बाईपास चौराहा स्थित ग्लोरी गार्डन गेस्ट हाउस तक पहुंचेगी।
इस्कॉन कानपुर के मंदिर अध्यक्ष प्रेम हरिनाम प्रभु ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी का यह दिव्य स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण के ब्रज-विरह भाव का प्रतीक है। रथयात्रा उस आध्यात्मिक संदेश का प्रतिनिधित्व करती है जिसमें ब्रजवासी भगवान श्रीकृष्ण को द्वारका के ऐश्वर्य से पुनः वृंदावन की मधुरता की ओर ले जाने की भावना व्यक्त करते हैं। इस दिव्य आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को उस आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कलियुग के समस्त जीवों पर कृपा बरसाने के लिए भगवान श्री जगन्नाथ स्वयं अपने मंदिर से बाहर निकलकर रथ पर विराजमान होंगे और जन-जन को अपने दिव्य दर्शन एवं सेवा का दुर्लभ अवसर प्रदान करेंगे।
रथयात्रा के दौरान हरे कृष्ण महामंत्र का अखंड संकीर्तन, मृदंग, करताल एवं अन्य वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाएगा। भक्तों का उत्साह, संकीर्तन और नृत्य ऐसा दिव्य दृश्य प्रस्तुत करेगा मानो श्री जगन्नाथ पुरी की विश्वविख्यात रथयात्रा कानपुर की सड़कों पर साकार हो गई हो। यात्रा में आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां भी निकाली जाएंगी तथा भगवान श्री जगन्नाथ का पावन महाप्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।
इस्कॉन कानपुर ने कानपुर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों के साथ इस भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में शामिल होकर भगवान के दर्शन, संकीर्तन और महाप्रसाद का लाभ प्राप्त करें।